Sanjay Dutt Birthday Celebration: हाईकोर्ट ने दी राहत, लेकिन शर्तों के साथ

बिलासपुर 29 जुलाई 2026 :  बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त (Sanjay Dutt) का जन्मदिन मनाने  बर्थडे सेलिब्रेशन की अनुमति देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद प्रशंसक गुरुदेव अवस्थी ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने निजी परिसर में सशर्त जन्मदिन समारोह आयोजित करने की अनुमति दे दी।

हालांकि, हाईकोर्ट ने साफ कर दिया कि सेलिब्रेशन के दौरान सार्वजनिक सड़क पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए और किसी तरह का अनावश्यक शोर-शराबा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

SDM ने क्यों खारिज किया था आवेदन?

जानकारी के मुताबिक, गुरुदेव अवस्थी ने 29 जुलाई को संजय दत्त का जन्मदिन मनाने के लिए बिलासपुर SDM के समक्ष आवेदन दिया था। लेकिन SDM ने 21 जुलाई 2026 को आवेदन खारिज कर दिया।

इसके पीछे प्रशासन ने पिछले साल हुए बर्थडे सेलिब्रेशन का हवाला दिया। पिछले वर्ष बिलासपुर के मध्य नगरी चौक की मुख्य सड़क पर संजय दत्त के प्रशंसकों ने जन्मदिन मनाया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी।

अनुमति नहीं मिली तो हाईकोर्ट पहुंचे फैन

SDM के आदेश के बाद गुरुदेव अवस्थी ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की। मामले की सुनवाई जस्टिस ए.के. प्रसाद की सिंगल बेंच में हुई।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को भरोसा दिलाया गया कि इस बार जन्मदिन का कार्यक्रम किसी सार्वजनिक सड़क या चौक पर आयोजित नहीं किया जाएगा।

शहर से 7 किलोमीटर दूर निजी हॉल में होगा जश्न

याचिकाकर्ता ने कोर्ट को बताया कि इस बार संजय दत्त का जन्मदिन बिलासपुर शहर से करीब 7 किलोमीटर दूर कोनी स्थित ‘द कंट्री क्लब’ के निजी और बंद हॉल में मनाया जाएगा।

याचिकाकर्ता ने यह भी आश्वासन दिया कि कार्यक्रम से आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। साथ ही ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरण से संबंधित सभी नियमों का पालन किया जाएगा।

सरकार ने भी अनुमति पर जताई सहमति

राज्य सरकार की ओर से डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट शोभित मिश्रा ने कोर्ट को बताया कि आयोजन स्थल निजी हॉल है। याचिकाकर्ता की ओर से नियमों और शर्तों का पालन करने का शपथ पत्र भी दिया जा रहा है।

सरकार की ओर से कहा गया कि ऐसी स्थिति में प्रशासन को नियमानुसार अनुमति देने पर कोई आपत्ति नहीं है।

हाईकोर्ट ने दी सशर्त अनुमति

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने निजी परिसर में संजय दत्त का जन्मदिन मनाने की सशर्त अनुमति दे दी।

कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक सड़क पर किसी तरह का व्यवधान नहीं होना चाहिए। यातायात प्रभावित करने या नियमों की अनदेखी करने की स्थिति में कार्रवाई की जा सकती है।

पिछले साल सड़क पर हुआ था जाम

बता दें कि पिछले साल संजय दत्त के जन्मदिन पर बिलासपुर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल मध्य नगरी चौक पर बड़ी संख्या में प्रशंसक जुटे थे। सेलिब्रेशन के चलते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी।