ललितपुर (उत्तर प्रदेश) 30 जुलाई 2026 : छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव बुधवार को सड़क हादसे का शिकार हो गए। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में उनकी इनोवा कार हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में किरण सिंह देव घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में उन्हें कमर में गहरी चोट आई है और कूल्हा टूट गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के समय उनकी पत्नी और बेटी भी कार में मौजूद थीं, जो सुरक्षित हैं।
नेशनल हाईवे-44 पर हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में हुआ। यह स्थान ललितपुर जिला मुख्यालय से करीब 44 किलोमीटर दूर है।
बताया जा रहा है कि किरण सिंह देव परिवार के साथ मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-44 पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मार दिया।
सामने वाली कार को बचाने के प्रयास में चालक ने इनोवा को मोड़ा, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे की तरफ जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि इनोवा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के समय वाहन की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही कोतवाली तालबेहट पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर
घायल किरण सिंह देव को तत्काल CHC तालबेहट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही SDM तालबेहट अभिजीत सिंह, कोतवाल अशोक कुमार वर्मा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल में घायलों का हाल जाना।
दतिया दर्शन के बाद लौट रहे थे रायपुर
पुलिस के अनुसार, किरण सिंह देव बुधवार को परिवार के साथ मध्य प्रदेश के दतिया स्थित मां पीतांबरा मंदिर में दर्शन करने गए थे। इसके बाद उन्होंने नेमावर में नर्मदा तट स्थित सिद्धेश्वर मंदिर में भोजन किया।
वहां से परिवार के साथ रायपुर लौटते समय ललितपुर के तालबेहट क्षेत्र में यह हादसा हो गया।
अस्पताल पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता
हादसे की सूचना मिलते ही झांसी के डीएम गौरांग राठी और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति समेत वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहीं, भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी किरण सिंह देव का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।
फिलहाल किरण सिंह देव का इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
