राज्य खेल पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू, जानिए कौन और कैसे कर सकता है अप्लाई

रायपुर 01 अगस्त 2026 : छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के खेल पुरस्कारों, नगद प्रोत्साहन राशि, खेलवृत्ति (डाइट मनी) और प्रेरणा निधि के लिए आवेदन मांगे हैं. पात्र खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक 5 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.

इन पुरस्कारों के लिए आवेदन

विभाग की ओर से शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों का चयन किया जाएगा.

मिलेगी लाखों रुपये की पुरस्कार राशि

शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के तहत 3 लाख रुपए, शहीद कौशल यादव और वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए 1.50 लाख रुपए दिए जाएंगे. वहीं, शहीद विनोद चौबे सम्मान और शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि मिलेगी. विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी दिए जाएंगे.

खेलवृत्ति और प्रोत्साहन राशि भी

वर्ष 2025-26 में (1 अप्रैल से 31 मार्च तक के 1 वर्ष) जिन खिलाड़ियों ने सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया है. पदक जीतने वाले खिलाड़ी नगद प्रोत्साहन राशि, खेलवृत्ति (डाइट मनी) और प्रेरणा निधि के लिए भी आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए निर्धारित पात्रता पूरी करना जरूरी होगा.

मुख्यमंत्री ट्रॉफी के तहत टीम के आकार के अनुसार 1 लाख से 5 लाख रुपए तक की पुरस्कार राशि मिलेगी। विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान किए जाएंगे।

कैसे करें आवेदन

1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं। खेलवृत्ति के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले, अधिकतम 19 वर्ष आयु के खिलाड़ी पात्र होंगे।

आवेदन पत्र जिला खेल कार्यालय, राज्य खेल संघों और विभाग से प्राप्त किए जा सकते हैं। जिन खिलाड़ियों की खेल संघ से अनुशंसा नहीं हुई है, वे भी अपनी उपलब्धियों के आधार पर 5 अगस्त 2026 तक व्यक्तिगत आवेदन संचालनालय या जिला खेल कार्यालय में जमा कर सकते हैं।