रायपुर 06 अगस्त 2026 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में केंद्र सरकार की नई ग्रामीण रोजगार योजना VB-G RAM G (Viksit Bharat – Rozgar Aur Aajeevika Mission Guarantee) की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह भारत सरकार की नई पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसरों को और मजबूत करना है।
मनरेगा की जगह लागू होगी नई योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि VB-G RAM G योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का स्थान लेगी। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को प्रति वित्तीय वर्ष 125 दिनों तक अकुशल मजदूरी रोजगार की वैधानिक गारंटी प्रदान की जाएगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराना, उनकी आय बढ़ाना और गांवों में आजीविका के नए अवसर विकसित करना है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
विस्तृत दिशा-निर्देश का इंतजार
मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि योजना के संचालन, पात्रता, कार्यों के स्वरूप और क्रियान्वयन संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश केंद्र सरकार द्वारा जारी किए जाएंगे। इनके जारी होने के बाद राज्य स्तर पर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
