रायपुर में सुबह से झमाझम बारिश,कई इलाकों में जलभराव, मौसम विभाग ने दी भारी बारिश की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में आज का मौसम 17August2026:छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) के प्रभाव से प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

रायपुर में सुबह से बारिश, सड़कों पर जलभराव

राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। आसमान में घने बादल छाए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है। लगातार बारिश के चलते कुछ प्रमुख सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम हुआ मजबूत

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के तटीय क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र अब और प्रभावी हो गया है। यह सिस्टम 15 अगस्त से उसी क्षेत्र में एक अच्छी तरह से चिन्हित कम दबाव के क्षेत्र के रूप में सक्रिय है।

इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब (Depression) में बदलने की संभावना है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इन क्षेत्रों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बलरामपुर में मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है।

प्रदेश में अब तक कैसी रही बारिश?

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हुई। प्रदेश में अब तक की मौसमी उप-विभागीय वर्षा सामान्य के आसपास रही है और इसमें करीब 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

CG Weather Today: लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों और निचले इलाकों की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने को कहा गया है।