अमरावती अस्पताल के NICU में आग से हड़कंप, 3 मासूमों की मौत; वेंटिलेटर में धमाके के बाद भड़की आग, जांच शुरू

मुबई 24 अगस्त 2026 :  महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में 3 नवजात बच्चों की मौत हो गई। घटना के वक्त NICU में कुल 39 नवजात भर्ती थे। आग लगने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

NICU के एक कंपार्टमेंट में भर्ती थे 9 बच्चे

जानकारी के मुताबिक, आग सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में लगी। अमरावती के पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के अनुसार, NICU के तीन कंपार्टमेंट में से एक में 9 नवजात भर्ती थे। आग की चपेट में आने से इनमें से 3 बच्चों की मौत हो गई, जबकि बाकी 6 बच्चों को सुरक्षित निकालकर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया।

वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में NICU में लगे वेंटिलेटर के अंदर धमाका होने के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घटना की जांच की जा रही है। आग के कारण NICU में रखे कई मेडिकल उपकरण भी जल गए और पूरा यूनिट धुएं से भर गया।

CM फडणवीस ने दिए हाईलेवल जांच के आदेश

हादसे के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की हाईलेवल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के सचिव को अमरावती जाकर घटनास्थल का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार की ओर से मृत नवजातों के परिवारों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया गया है।

दो दिन पहले छिंदवाड़ा में भी हुआ था हादसा

NICU में आग लगने का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगी थी। शनिवार देर रात वार्मर मशीन के फिलामेंट से निकली चिंगारी के बाद आग लगने की बात सामने आई थी। इस घटना में तीन नवजात झुलस गए थे। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया, जहां एक नवजात की इलाज के दौरान मौत हो गई।

अमरावती की घटना के बाद अस्पतालों के NICU में लगे वेंटिलेटर, वार्मर, AC और अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरणों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।