CJP कार्यकर्ताओं का पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने तक मार्च, जमकर नारेबाजी

नई दिल्ली 04  सितम्बर 2026 :  कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को 23 जून को जंतर-मंतर पर हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक मार्च निकाला। प्रदर्शन में CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका समेत कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट की गई थी और उनके सिर में चोट लगी थी। संजय की शिकायत पर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में मामला दर्ज किया गया था। CJP का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के करीब डेढ़ महीने बाद भी आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है और जल्द आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।

मामले के बीच स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने संजय कुमार के सिर पर हमला करने की बात कही। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि इस घटना के दौरान उन्हें भी चोट लगी और उनके सिर पर 60 टांके आए थे। बाद में उन्होंने अपने बयान को स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने हमला नहीं किया, बल्कि आत्मरक्षा में कार्रवाई की थी। स्वतंत्र भारद्वाज का दावा है कि 10 से 15 लोगों ने उन्हें घेर लिया था और अगर वह बचाव में कदम नहीं उठाते तो भीड़ उन्हें मार सकती थी। वायरल वीडियो को लेकर CJP नेता सौरव दास ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब संबंधित व्यक्ति खुद संजय पर हमला करने की बात कह रहा है तो पुलिस कार्रवाई करने से क्यों बच रही है।

दिल्ली पुलिस ने सिर फटने और फ्रैक्चर के दावे को बताया गलत

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 23 जून को संजय कुमार के सिर पर कड़ा यानी ब्रेसलेट लगने से चोट आई थी। उन्हें इलाज और मेडिकल जांच के लिए आरएमएल अस्पताल ले जाया गया था। पुलिस के अनुसार, मेडिको लीगल केस में चोट साधारण बताई गई। पुलिस ने संजय कुमार की खोपड़ी फटने या फ्रैक्चर होने के दावे को भी गलत बताया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद सूरज कुमार, उम्र 24 वर्ष, और स्वतंत्र भारद्वाज, उम्र 21 वर्ष, को मौके से हिरासत में लिया गया था। जांच के दौरान दोनों से नोटिस देकर पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और जल्द ही आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।

सौरव दास बोले- शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान भड़की थी हिंसा

मार्च के दौरान सौरव दास ने कहा कि जंतर-मंतर पर CJP का शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा था, लेकिन इसी दौरान हिंसा भड़क गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोग पहले भी दिल्ली में हिंसा में शामिल रहे हैं। दास ने सवाल उठाया कि ऐसे लोग लंबे समय से खुलेआम क्यों घूम रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। CJP ने संजय कुमार को न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया।

राहुल गांधी से भी मांगी गई मदद

इस मामले को लेकर गुरुवार को नीशू आजाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मदद मांगी थी। राहुल गांधी ने उन्हें भरोसा देते हुए कहा था कि वह उनके साथ हैं। इससे पहले 20 अगस्त को राहुल गांधी ने इसी पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल साहिल की एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर करीब छह घंटे धरना दिया था। अब CJP ने संजय कुमार के मामले में भी पुलिस से कार्रवाई की मांग उठाई है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आरोपपत्र दाखिल होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।