अंतर्राष्ट्रीय 09 सितम्बर 2026 : पूर्वी जर्मनी में स्थित सैक्सनी-एनहॉल्ट राज्य में रविवार को हुए विधानसभा चुनाव में धुर-दक्षिणपंथी पार्टी ऑल्टर्नेटिव फ़ॉर जर्मनी, एएफ़डी ने जीत हासिल कर ली है। हालांकि, वह अपने दम पर बहुमत हासिल करने में विफल रही।
जर्मनी के लोक प्रसारक ज़ीडीएफ़ ने बताया कि एएफ़डी ने 43.8 प्रतिशत वोट हासिल कर 39 सीटें जीतीं, जो पाँच साल पहले हुए पिछले चुनाव से 16 अधिक हैं। लेकिन बहुमत के लिए आवश्यक 42 सीटें हासिल करने में वह विफल रही।
सत्ताधारी मध्यमार्गी-दक्षिणपंथी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन पार्टी ने केवल 17.2 प्रतिशत वोट हासिल किये। पार्टी 25 सीटें गंवा कर अब 15 सीटों पर सिमट गयी है।
एएफ़डी की सह-प्रमुख एलिस वेइडेल ने नतीजों का स्वागत करते हुए पत्रकारों से कहा कि यह ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को बेहद स्पष्ट जनादेश मिला है और अन्य पार्टियाँ इसे नज़रअंदाज़ नहीं कर सकतीं।
लेकिन प्रमुख पार्टियों ने एएफ़डी के साथ सहयोग करने से इन्कार कर दिया है।
धुर-दक्षिणपंथी मानी जाने वाली एएफ़डी अगर राज्य में सत्ता में आती है, तो जर्मनी में ऐसा करने वाली वह पहली पार्टी होगी।
