CG Weather: 27 जिलों में येलो अलर्ट, बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका

रायपुर 10 सितम्बर 2026 : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 10 सितंबर 2026 को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव

मौसम विभाग के मुताबिक समुद्र तल पर मॉनसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इस मौसमी सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है।

रायपुर में बारिश के साथ अंधड़ के आसार

राजधानी रायपुर में 10 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के साथ गरज-चमक और अंधड़ चल सकता है। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

दो दिन बाद बढ़ सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के बाद प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

27 जिलों में येलो अलर्ट

10 सितंबर की सुबह 7:15 बजे जारी जिला स्तरीय नाउकास्ट के अनुसार कई जिलों में हल्की आंधी के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। चेतावनी सुबह 10:15 बजे तक प्रभावी बताई गई है। इस दौरान हवा की गति करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

इन जिलों में बारिश और बिजली का अलर्ट

येलो अलर्ट के दायरे में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के कुछ हिस्से शामिल हैं।

इन इलाकों में हल्की गरज के साथ बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।