रांची 10 सितम्बर 2026 : चीन में आयोजित महिला जूनियर एशिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 19-0 के रिकॉर्ड अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है. मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और चारों क्वार्टर में गोल की झड़ी लगा दी. भारत ने पहले क्वार्टर में 5, दूसरे में 5, तीसरे में 3 और आखिरी क्वार्टर में 6 गोल किए.
भारतीय टीम को पूरे मुकाबले में 18 पेनाल्टी कॉर्नर और एक पेनाल्टी स्ट्रोक मिला. वहीं, पाकिस्तान की टीम भारतीय डिफेंस के सामने पूरी तरह बेअसर नजर आई और मुकाबले में एक भी गोल नहीं कर सकी. भारत की ओर से पूजा मलिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई. सानिका माने, मधु सिदार, रोशनी आइंद और सुप्रिया ने 2-2 गोल किए. भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार आक्रामक हॉकी खेलते हुए पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा.
झारखंड की तीन बेटियां टीम का हिस्सा
भारतीय टीम की इस बड़ी जीत में झारखंड की तीन खिलाड़ियों की भी अहम भूमिका रही. झारखंड की रोशनी आइंद ने दो शानदार फील्ड गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया. वहीं, बिनिमा धान ने भी एक गोल दागा. टीम में झारखंड की तीसरी खिलाड़ी पार्वती टोपनो भी शामिल हैं. 19-0 की इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.अब टीम 12 सितंबर को सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी. क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मिली बड़ी जीत से भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है.
भारतीय टीम की इस शानदार जीत पर हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई दी और सेमीफाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं. हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज प्रसाद ने कहा कि यह झारखंड के लिए गौरव की बात है कि राज्य की बेटियां भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का मान बढ़ा रही हैं. उन्होंने रोशनी आइंद, बिनिमा धान और पार्वती टोपनो के प्रदर्शन की सराहना करते हुए पूरी टीम के सेमीफाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं.
