BRICS Summit में PM मोदी का विजन, इनोवेशन और सहयोग से बदलेगी ग्लोबल इकोनॉमी की तस्वीर

नई दिल्ली 13 सितम्बर 2026 : नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का रविवार को दूसरा दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आयोजित इस सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दक्षिण अफ्रीका, ईरान और मिस्र समेत कई देशों के शीर्ष नेता शामिल हुए हैं। सम्मेलन के दूसरे दिन वैश्विक विकास, आर्थिक लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है।

दूसरे दिन ब्रिक्स नेताओं के लिए एक विशेष ओपन सेशन का आयोजन किया गया है। इसका थीम ‘रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी: शेपिंग द फ्यूचर फॉर इनक्लूसिव ग्लोबल ग्रोथ’ है। बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

पीएम मोदी ने सप्लाई चेन को लेकर दिया बड़ा प्रस्ताव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स के तहत सप्लाई चेन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स लॉजिस्टिक सप्लाई चेन कोऑपरेशन फ्रेमवर्क सप्लाई चेन को अधिक विश्वसनीय और लचीला बनाने में मदद करेगा। वैश्विक स्तर पर व्यापार और आपूर्ति व्यवस्था में आने वाली चुनौतियों के बीच इसे अहम पहल माना जा रहा है।

स्टार्टअप और इनोवेशन को मिलेगा बढ़ावा

पीएम मोदी ने नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स इनक्यूबेटर नेटवर्क सदस्य देशों के स्टार्टअप और इनक्यूबेटर्स को आपस में जोड़ने में मदद करेगा। भारत ने बड़े स्तर पर अपनाए जा सकने वाले नए समाधानों को प्रोत्साहित करने के लिए ब्रिक्स स्टार्टअप इनोवेशन फंड का प्रस्ताव भी रखा है।

डिजिटल कृषि पर भी भारत का फोकस

प्रधानमंत्री मोदी ने कृषि क्षेत्र में तकनीक और डिजिटल समाधानों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया। डिजिटल कृषि के जरिए किसानों और कृषि व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, उत्पादकता बढ़ाने और बेहतर समाधान विकसित करने की दिशा में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है।

ब्रिक्स नेताओं ने खिंचवाई फैमिली फोटो

सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स देशों के शीर्ष नेताओं के साथ फैमिली फोटो में हिस्सा लिया। इस दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और दक्षिण अफ्रीका, ईरान व मिस्र के राष्ट्राध्यक्ष समेत अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

वैश्विक विकास पर होगा मंथन

ब्रिक्स समिट 2026 के दूसरे दिन का मुख्य फोकस रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन और सस्टेनेबिलिटी पर है। सदस्य देश वैश्विक विकास को अधिक समावेशी बनाने, आर्थिक चुनौतियों से निपटने और आपसी सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर विचार कर रहे हैं। भारत की अध्यक्षता में हो रहे इस सम्मेलन में सप्लाई चेन, स्टार्टअप, डिजिटल कृषि और तकनीकी नवाचार जैसे मुद्दे प्रमुखता से सामने आए हैं।