बच्चे के जन्म पर सरकार देगी सोने की अंगूठी! सरकारी अस्पताल में डिलीवरी पर मिलेगा 1 ग्राम गोल्ड

तमिलनाडु 19 सितम्बर 2026 : तमिलनाडु सरकार ने नवजात शिशुओं के लिए 1 ग्राम सोने की अंगूठी देने वाली योजना शुरू करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय 28 सितंबर को इस योजना की शुरुआत करेंगे। सरकार के अनुसार, योजना के पहले चरण में वितरण के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियां खरीदी गई हैं।

सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगा लाभ

Tamil Nadu Gold Ring Scheme के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, प्रत्येक अंगूठी पर एक विशेष सीरियल नंबर दर्ज होगा। योजना का लाभ लेने के लिए बच्चे के परिवार का तमिलनाडु का स्थायी निवासी होना जरूरी होगा।

सरकार की ओर से शुरू की जा रही इस योजना का उद्देश्य नवजात बच्चों के जन्म का जश्न मनाना है। पहले चरण में बड़ी संख्या में अंगूठियों की खरीद की गई है, जिसके बाद योजना के क्रियान्वयन की तैयारी पूरी कर ली गई है।

क्या है ‘थाई मामन गोल्ड रिंग स्कीम’?

नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देने की योजना का वादा तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के 2026 विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में किया गया था। पार्टी ने इसे ‘थाई मामन गोल्ड रिंग स्कीम’ नाम दिया था।

घोषणापत्र के मुताबिक, तमिलनाडु में बच्चे के जन्म का जश्न मनाने के लिए सरकार की ओर से नवजात को 1 ग्राम सोने की अंगूठी देने का प्रस्ताव था। इसके अलावा बच्चों के लिए ‘बेबी वेलकम किट’ देने की भी बात कही गई थी।

बेबी वेलकम किट में क्या-क्या शामिल करने का था प्रस्ताव?

घोषणापत्र में प्रस्तावित बेबी वेलकम किट में नवजात और मां की जरूरतों से जुड़ी कई वस्तुएं शामिल करने की बात कही गई थी। इनमें न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट्स, बेबी सोप, कपड़े, बेबी ऑयल, बेबी पाउडर, खिलौने, नैपकिन, मच्छरदानी और डायपर जैसी चीजें शामिल थीं।

शादी के मौके पर 8 ग्राम सोने का भी वादा

TVK के घोषणापत्र में शादी से जुड़ी एक अन्य योजना का भी उल्लेख किया गया था। इसके तहत बहनों की शादी के अवसर पर 8 ग्राम सोना और अच्छी गुणवत्ता की सिल्क साड़ी देने का वादा किया गया था।

नवजात बच्चों के लिए 1 ग्राम सोने की अंगूठी देने वाली योजना को 2026 के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों के क्रियान्वयन से जोड़कर देखा जा रहा है। 28 सितंबर को योजना की शुरुआत के बाद इसके पात्र लाभार्थियों को लेकर विस्तृत प्रक्रिया सामने आने की उम्मीद है।