बैंक हड़ताल से पहले बड़ी राहत, 27 सितंबर को खुलेंगे सरकारी बैंक

नई दिल्ली 24 September 2026 :  बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी दिनों में बड़ी अपडेट सामने आई है। 27 सितंबर 2026, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य रूप से खुले रहेंगे। वित्त मंत्रालय के अनुसार यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल के बीच ग्राहकों को लंबे समय तक बैंकिंग सेवाओं से दूर रहने से बचाने के लिए लिया गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित करने की मंजूरी दी है।

27 सितंबर को क्यों खुले रहेंगे बैंक?

दरअसल, बैंक कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मंच United Forum of Bank Unions (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का नियमित अवकाश था। ऐसे में बैंक शाखाओं की सामान्य सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं।

ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए सरकार ने रविवार को बैंक खोलने का निर्णय लिया है।

26 सितंबर को बैंक रहेंगे बंद

27 सितंबर को अतिरिक्त कार्यदिवस घोषित किए जाने के बावजूद 26 सितंबर यानी शनिवार को बैंक बंद रहेंगे, क्योंकि यह महीने का चौथा शनिवार है। इसके बाद 27 सितंबर रविवार को सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे।

28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल

UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। हड़ताल के कारण शाखाओं में ग्राहकों से जुड़े कई सामान्य काम प्रभावित होने की संभावना है।

जिन ग्राहकों को बैंक शाखा जाकर जरूरी काम निपटाने हैं, उनके लिए 27 सितंबर अतिरिक्त मौका होगा। नकद लेनदेन, दस्तावेज जमा करने, चेक से जुड़े काम या अन्य शाखा-आधारित सेवाओं के लिए ग्राहक रविवार को संबंधित सरकारी या क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं।