रेल सुरक्षा पर फोकस: महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया लखौली–रायपुर रेलखंड का निरीक्षण

महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने लखौली–रायपुर रेलखंड का किया संरक्षा निरीक्षण

निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर उच्च गुणवत्ता, यात्री सुविधा एवं संरक्षा को प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

रायपुर  25 September 2026 : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने आज दिनांक 25 सितम्बर 2026 को रायपुर मंडल के लखौली –रायपुर रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल संरक्षा, परिचालन, कार्य प्रणाली, स्टेशन पुनर्विकास, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों तथा यात्री सुविधाओं की समग्र समीक्षा की। इस अवसर पर बिलासपुर मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष एवं मुख्य अधिकारीगण, मंडल रेल प्रबंधक रायपुर श्री दयानंद सहित रायपुर मंडल के वरिष्ठ शाखाधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

संरक्षा निरीक्षण की शुरुआत लखौली स्टेशन से हुई। महाप्रबंधक ने स्टेशन एवं यार्ड, रेल लाइन, रिले रूम, आई.पी.एस. रूम, बैटरी रूम, कर्व, अनुरक्षक डेटा लॉगर कक्ष, फुट ओवर ब्रिज तथा कोल्हान नदी पर निर्मित रेल पुल का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संरक्षा व्यवस्था एवं अनुरक्षण कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात नवा रायपुर स्टेशन पर ट्रेन परिचालन से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों से उनके संरक्षा संबंधी दायित्वों एवं कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की।

इसी क्रम में मंदिर हसौद रेलवे स्टेशन पर कॉलोनी, लेवल क्रॉसिंग तथा इंजीनियरिंग गेट का निरीक्षण किया गया। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों का गहन निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने डीजल लोको शेड, रायपुर में नए इंफ्रास्ट्रक्चर एवं विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों में गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

रायपुर रेल मंडल के कंट्रोल रूम में का भी महाप्रबंधक द्वारा निरीक्षण किया गया। उन्होंने सिस्टम की कार्यप्रणाली एवं सटीकता की जानकारी लेते हुए ट्रेन परिचालन की निगरानी में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। रायपुर स्टेशन पर चल रहे मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने विभिन्न विकास एवं पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न रेल कर्मचारी यूनियनों द्वारा महाप्रबंधक को ज्ञापन भी सौंपे गए। महाप्रबंधक ने रेल कर्मचारियों के हितों एवं सुविधाओं से संबंधित विषयों पर चर्चा की तथा संबंधित विषयों की जानकारी ली।
इस निरीक्षण के माध्यम से लखौली–रायपुर रेलखंड में रेल संरक्षा, संरचनात्मक गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का व्यापक निरीक्षण किया गया ।