Asian Games 2026 : एशियन गेम्स 2026 के महिला हॉकी सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए साउथ कोरिया को 2-0 से हराकर फाइनल में एंट्री कर ली. इसके साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम एशियन गेम्स में 44 साल पुराना गोल्ड मेडल का सूखा खत्म करने से सिर्फ एक कदम दूर रह गई है. भारत ने एशियन गेम्स में अपना इकलौता महिला हॉकी गोल्ड मेडल साल 1982 के नई दिल्ली खेलों में जीता था. अब शुक्रवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में भारत का सामना मौजूदा चैंपियन चीन से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में मेजबान जापान को पेनल्टी शूट-आउट में 4-2 से मात दी है.
शुरुआती दो क्वार्टर में कांटे की टक्कर
जापान के गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए इस मैच के पहले हाफ में भारतीय टीम ने पूरी तरह आक्रामक रुख अपनाते हुए ज्यादातर खेल कोरियाई पाले में रखा, लेकिन फिनिशिंग में चूकी. भारत को दूसरे ही मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन दीपिका की ड्रैग-फ्लिक को कोरियाई गोलकीपर सियोयोन ली ने डाइव लगाकर रोक दिया. फिर चौथे मिनट में नवनीत कौर भी मिले मौके को भुना नहीं सकीं.
13वें मिनट में रुतुजा दादासो पिसल के डिफ्लेक्शन को भी विपक्षी गोलकीपर ने मुस्तैदी से बाहर किया. इसके बाद दूसरे क्वार्टर के पहले ही मिनट में भारत को बैक-टू-बैक तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोरियाई डिफेंस ने चट्टान की तरह डटकर भारत की हर कोशिश को विफल किया. वहीं, 21वें मिनट में खराब इंजेक्शन के कारण छठा पेनल्टी कॉर्नर हाथ से निकल गया और हाफ-टाइम से ठीक पहले मिले दो बाकी मौके भी जाया हो गए. शुरुआती दो क्वार्टर में कुल 8 पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बावजूद स्कोरबोर्ड 0-0 रहा.
इशिका का डिफ्लेक्शन और कप्तान सलीमा का सोलो गोल
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अपनी रणनीति में चतुराई भरा बदलाव किया और आखिरकार कोरिया का मजबूत किला ढह गया. 44वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर डायरेक्ट हिट लेने के बजाय भारत ने वेरिएशन अपनाया. दीपिका के इनडायरेक्ट पास पर इंजेक्टर इशिका चौधरी ने गेंद की दिशा बदलकर उसे गोलपोस्ट में डाल दिया और भारत को 1-0 की अहम बढ़त दिलाई. फिर चौथे क्वार्टर के शुरुआती मिनटों में कप्तान सलीमा टेटे ने अपने क्लास का मुजाहिरा पेश किया. दाएं छोर से तेज रफ्तार सोलो रन बनाते हुए सलीमा ने बॉक्स के अंदर कटबैक डाला, जो कोरियाई डिफेंडर की स्टिक से टकराते हुए गोल लाइन पार कर गया और भारत की बढ़त 2-0 हो गई.
आखिरी पलों में वापसी के लिए बेताब साउथ कोरिया ने पूरी ताकत झोंकते हुए एक के बाद एक चार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए. हालांकि भारतीय गोलकीपर और डिफेंस ने जबर्दस्त मुस्तैदी दिखाते हुए अपनी क्लीन शीट बरकरार रखी और मुकाबले को 2-0 से जीतकर शान से फाइनल का टिकट कटा लिया. साउथ कोरिया अब ब्रॉन्ज मेडल के लिए जापान से भिड़ेगा.
