रायपुर 12 October 2026 : छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने पति, सास और ससुर पर मारपीट करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और लग्जरी कार के साथ 2 से 3 करोड़ रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के दूसरे दिन से दहेज को लेकर ताने देने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, आरंग क्षेत्र के ग्राम भानसोज निवासी पूजा बंजारे का विवाह जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर वार्ड निवासी मनोज बंजारे के साथ हुआ था। मनोज बंजारे राज्य प्रशासनिक सेवा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
पूजा का आरोप है कि विवाह के दौरान उनके मायके पक्ष ने घरेलू सामान, सोने की चेन और अन्य उपहार दिए थे। इसके बावजूद शादी के दूसरे दिन से ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज मिलने की बात कहकर उन्हें ताने देने लगे। शिकायत में पति और ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना दिए जाने की बात भी कही गई है।
मायके की जमीन बेचकर 2-3 करोड़ रुपये लाने का दबाव
पीड़िता के अनुसार, पति मनोज बंजारे, सास ललिता बंजारे और ससुर कोमल सिंह बंजारे की ओर से लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये नकद लाने की मांग की जा रही थी। आरोप है कि 4 जनवरी 2025 को पति ने उन पर मायके की जमीन बेचकर रकम लाने का दबाव बनाया।
पूजा का कहना है कि जब उन्होंने इस मांग को पूरा करने से इनकार किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने अपनी शिकायत में घरेलू हिंसा और दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए हैं।
गर्भावस्था और प्रसव के बाद भी प्रताड़ना का आरोप
शिकायत के अनुसार, गर्भावस्था और बच्चे के जन्म के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद पति ने पूजा को मायके में ही छोड़ दिया। इसके बाद 2 सितंबर 2026 को पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा ग्राम भानसोज स्थित उनके मायके में मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
महिला थाने में काउंसलिंग के बाद दर्ज हुआ मामला
मामले की शिकायत महिला थाने में की गई थी। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए काउंसलिंग कराई गई, लेकिन सुलह की कोशिशें सफल नहीं हो सकीं।
इसके बाद पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे और उनके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना से संबंधित मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
