बेहतर पुलिसिंग और जनसेवा के लिए 10 पुलिसकर्मी सम्मानित, एसपी गौरव राय ने दिया ‘COP OF THE MONTH’ अवॉर्ड

बलौदाबाजार 14 अक्टूबर 2026 : अपराधों के त्वरित निराकरण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित समारोह में सभी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर ‘COP OF THE MONTH’ के रूप में सम्मानित किया। इस पहल का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरित करना है।

डायल 112 के माध्यम से आपातकालीन सहायता तथा तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचनाओं के संकलन में उल्लेखनीय कार्य किया

सम्मानित पुलिसकर्मियों ने अपराधों के निराकरण, जटिल आपराधिक मामलों की साक्ष्य आधारित विवेचना, साइबर जागरूकता अभियान, डायल 112 के माध्यम से आपातकालीन सहायता तथा तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचनाओं के संकलन में उल्लेखनीय कार्य किया है। एसपी गौरव राय ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कर्तव्य के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया गया कार्य पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मान अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी जनसेवा और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

अपराध निराकरण एवं खात्मा स्वीकृत कराने में उल्लेखनीय कार्य के लिए निरीक्षक परिवेश तिवारी और अपराध निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरीक्षक प्रवीण मिंज को सम्मानित किया गया। वहीं, जटिल मामलों की गुणवत्तापूर्ण एवं साक्ष्य आधारित विवेचना के लिए उप निरीक्षक शेख करीमुद्दीन कुरैशी और सहायक उप निरीक्षक कुलमणी बारीक को सम्मान मिला।

राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने में योगदान के लिए उप निरीक्षक संदीप बंजारे और आरक्षक प्रवीण यादव को सम्मानित किया गया। डायल 112 सेवा के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए आरक्षक रूपेश कुमार बघेल और आरक्षक कमलेश्वर बर्मन को सम्मान मिला। इसके अलावा साइबर सेल में तकनीकी विश्लेषण एवं अपराधों के खुलासे में योगदान के लिए आरक्षक गौरी कश्यप तथा गोपनीय सूचनाओं के संकलन में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक श्रीचंद ध्रुव को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

पुलिस विभाग की यह पहल उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने तथा जिले में प्रभावी, जवाबदेह और जनहितकारी पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।