नारायणपुर / धमतरी : 14 अक्टूबर 2026 : छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ की हड़ताल जारी है. हड़ताल के दूसरे दिन पटवारी संघ ने लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और शासन-प्रशासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की. पटवारियों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का निराकरण नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है.
पहले दिन कलेक्टर के नाम सौंपा था ज्ञापन
धमतरी में राजस्व पटवारी संघ ने 13 अक्टूबर को अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा था. संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर ठोस पहल नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा. हड़ताल के दौरान पटवारियों ने अपनी समस्याओं को सामने रखते हुए शासन से व्यावहारिक कठिनाइयों को समझने और जल्द समाधान निकालने की अपील की.
नारायणपुर जिले में भी पटवारियों का प्रदर्शन देखने को मिला. पटवारियों का कहना है कि पीवी ऐप के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों की प्रक्रिया, समय-सीमा और जवाबदेही के निर्धारण पर पुनर्विचार करने की जरुरत है.पीवी ऐप के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों में कई ऐसी व्यवहारिक कठिनाइयां हैं, जिनका समय रहते निराकरण नहीं किया गया. इसके बावजूद निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा है.
हड़ताल के कारण पटवारियों के माध्यम से संचालित होने वाली सेवाओं और प्रक्रियाओं के प्रभावित होने से तहसील कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. विशेष रूप से दूरस्थ गांवों से राजस्व संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय या तहसील कार्यालय पहुंचने वाले ग्रामीणों के लिए यह स्थिति अधिक कठिन हो रही है.
दंडात्मक कार्रवाई और वेतन विसंगति का भी मुद्दा
पटवारी संघ ने अलग-अलग जिलों में पटवारियों के विरुद्ध की गई निलंबन, कारण बताओ नोटिस और अन्य दंडात्मक या विभागीय कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त करने की मांग की है. इसके साथ ही वर्षों से लंबित वेतन विसंगति के मामलों का शीघ्र निराकरण करने की बात कही गई है. संघ ने पटवारियों की पदोन्नति और करियर एडवांसमेंट से जुड़े मामलों में भी तेजी से निर्णय लेने की मांग उठाई है. इन समस्याओं के कारण कर्मचारियों पर मानसिक और कार्यभार संबंधी दबाव बढ़ने की बात ज्ञापन में कही गई है.
राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ की प्रमुख मांग
राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ ने PV ऐप के माध्यम से कराए जा रहे फसल के भौतिक सत्यापन कार्य में आ रही व्यवहारिक एवं तकनीकी समस्याओं को बताया था. पूर्व में ज्ञापन के माध्यम से शासन एवं विभाग को अवगत कराया जा चुका है. इसके बावजूद आज तक समस्या का कोई ठोस एवं व्यवहारिक समाधान नहीं किया गया है.
वर्तमान में डिजिटल क्रॉप सर्वे एग्रीस्टैंक पंजीयन, किसान पंजीयन,बकेट क्लेम, जनगणना प्रथम चरण, लघु सिंचाई संगणना रेल्वे सर्वे, एन एच मर्वे, आय, जाति, निवास, स्वामित्व योजना सेवा संकल्प शिविर, प्रोटोकॉल जैसे कार्यों को प्राथमिकता से किया जा रहा है, बावजूद इसके प्रतिकूल एवं अव्यवहारिक पीवी एप बहिष्कार करने के कारण बलौदा बाजार जिले में पदाधिकारियों एवं अन्य साथियों का ट्रांसफर, कारण बताओ नोटिस, महासमुंद जिले में पटवारियों को निलंबित किया गया है. ऐसा प्रतीत होता है कि पटवारियों को पीवी एप के अलावा और कोई कार्य नहीं करना चाहिए था. इस तरह के पूर्वाग्रह से ग्रस्त द्वेषपूर्ण आदेश का राजस्व पटवारी संघ घोर निंदा करता है. उपरोक्त कार्यवाहियों को तत्काल शून्य किया जाए.
राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ की वर्षों लंबित वेतन विसंगति एवं पदोन्नति के अधिकार पर तत्काल सकारात्मक पहल करते हुए वेतन विसंगति एवं पदोन्नति को लम्बित रखने के लिए दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्यवाही कि जाए.
