स्पोर्ट्स 26 अक्टूबर 2026 : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 126 रन बनाकर भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। खास बात यह है कि हरमनप्रीत ने यह पारी बुखार से परेशान होने के बावजूद खेली। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हरमनप्रीत कौर का यह वनडे क्रिकेट में आठवां शतक था। इस उपलब्धि के साथ वह वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली भारतीय महिला बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस सूची में स्मृति मंधाना 14 शतकों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज के नाम सात वनडे शतक दर्ज हैं।
मैच से एक दिन पहले था बुखार, फिर भी खेली शानदार पारी
हरमनप्रीत कौर ने अपनी पारी के बाद बताया कि मैच से एक रात पहले उन्हें हल्का बुखार था। इसके कारण मैदान पर लौटने के बाद उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने आराम करने की इच्छा भी जताई, लेकिन दर्द कम करने के लिए पेनकिलर लेने से उन्हें मदद मिली।
