बिलासपुर 30 अक्टूबर 2026 : छत्तीसगढ़ के युवाओं और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अंबिकापुर स्थित राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 448 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ कर दिया है। हाईकोर्ट ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने के राज्य शासन के फैसले को मनमाना ठहराते हुए निरस्त कर दिया है। जस्टिस बिभू दत्ता गुरु की सिंगल बेंच ने राज्य शासन और संबंधित अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने पूरी प्रक्रिया तीन महीने के भीतर पूर्ण करने को कहा है।
हाईकोर्ट ने भर्ती रद्द करने का फैसला किया निरस्त
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पाया कि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने का निर्णय उचित नहीं था। अदालत ने राज्य शासन के इस फैसले को मनमाना मानते हुए निरस्त कर दिया।
इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो वर्ष 2022 में जारी भर्ती विज्ञापन के आधार पर आवेदन कर चुके थे और लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे थे।
