IPL 2027 से पहले CSK में बड़ा फेरबदल! 14.2 करोड़ के खिलाड़ी की हो सकती है छुट्टी

Ipl 02 नवंबर 2026 : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपनी टीम में बड़ा बदलाव कर सकती है। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स उस खिलाड़ी को रिलीज करने पर विचार कर रही है, जिस पर उसने पिछली नीलामी में 14.2 करोड़ रुपये खर्च किए थे। यह खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर हैं, जिनसे फ्रेंचाइजी को काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, वह पिछले सीजन में अपने प्रदर्शन से टीम को प्रभावित करने में नाकाम रहे।

उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे प्रशांत वीर

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स प्रशांत वीर के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है। फ्रेंचाइजी ने पिछली नीलामी में इस 20 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर को खरीदने के लिए 14.2 करोड़ रुपये खर्च किए थे। लेकिन वह अपने प्रदर्शन से इस बड़ी रकम को सही साबित नहीं कर सके।

प्रशांत वीर ने पिछले सीजन में छह मुकाबले खेले, जिसमें उनके बल्ले से कुल 90 रन निकले। इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 43 रन रहा। वहीं, गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह पूरे सीजन में एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके।

ऐसे में रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स आगामी नीलामी से पहले प्रशांत वीर को रिलीज करने का फैसला ले सकती है। अगर ऐसा होता है तो फ्रेंचाइजी के पास नीलामी में खर्च करने के लिए 14.2 करोड़ रुपये की अतिरिक्त रकम उपलब्ध होगी। इससे टीम को दूसरे खिलाड़ियों पर दांव लगाने का मौका मिल सकता है।