आतंक मचाने वाला कबरा हाथी आया काबू में, वन विभाग को मिली बड़ी सफलता

सरगुजा 18 नवंबर 2026 :  छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले 6 महीनों से दहशत का पर्याय बने ‘कबरा’ हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। बुधवार को रामगढ़ में वन विभाग की टीम ने दो कुमकी हाथियों की मदद से उसे ट्रैंकुलाइज कर बेहोश किया। इसके बाद हाथी को सुरक्षित तरीके से काबू में लिया गया। अब उसे रेडियो कॉलर लगाने के बाद रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि कबरा हाथी पिछले छह महीनों में 19 लोगों की जान ले चुका है। लगातार हो रही जनहानि के कारण वन विभाग के लिए उसे पकड़ना बड़ी चुनौती बना हुआ था। हाल ही में वह 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था, जिसके चलते उसकी पहचान कर ट्रैंकुलाइज करना और भी मुश्किल हो गया था।

2 कुमकी हाथियों की मदद से पकड़ा गया कबरा

वन विभाग की टीम लगातार हाथियों के झुंड की निगरानी कर रही थी। मंगलवार रात हाथियों का दल सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में घूम रहा था। इससे पहले सोमवार को कुमकी हाथियों की मदद से कबरा हाथी को पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन ट्रैंकुलाइजर गन से निशाना चूकने के कारण अभियान सफल नहीं हो पाया था।

बुधवार सुबह हाथियों का झुंड रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंचा। इसके बाद वन विभाग की टीम कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ के साथ मौके पर पहुंची। वन्यजीव चिकित्सक कुमकी हाथी पर सवार होकर कबरा के करीब पहुंचे और ट्रैंकुलाइजर गन से उसे डॉट मारा। डॉट लगने के बाद कबरा हाथी बेहोश हो गया, जिसके बाद वन अमले ने उसे सुरक्षित तरीके से काबू में ले लिया।

6 महीने में 19 लोगों की ले चुका है जान

कबरा हाथी सरगुजा और सूरजपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से आतंक का कारण बना हुआ था। पिछले छह महीनों में उसके हमलों में 19 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। हाथी के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही थी।

रेडियो कॉलर लगाकर रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी

कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज किए जाने के बाद अब वन विभाग की अगली तैयारी उसे रेडियो कॉलर लगाने की है। रेडियो कॉलर की मदद से उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। इसके बाद उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।

कबरा हाथी के पकड़े जाने से सरगुजा और सूरजपुर जिले के प्रभावित ग्रामीण इलाकों में राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि, वन विभाग के सामने अब हाथी को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने और आगे उसकी निगरानी की जिम्मेदारी होगी।