मलेशिया जाने वालों के लिए बड़ी खबर! भारतीयों को अब लेना होगा वीजा, 1 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू

कुआलालंपुर 20 नवंबर 2026 : मलेशिया घूमने जाने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। मलेशिया सरकार ने भारतीय नागरिकों को मिलने वाली 30 दिनों की वीजा-फ्री एंट्री सुविधा खत्म करने का ऐलान किया है। नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे। इसके बाद भारतीय पासपोर्ट धारकों को मलेशिया जाने से पहले वीजा लेना अनिवार्य होगा। इतना ही नहीं, मलेशिया ने वीजा आवेदन, फीस रिफंड और पेंडिंग एप्लीकेशन को लेकर भी कुछ अहम बदलाव किए हैं।

मलेशिया के आव्रजन विभाग (JIM) ने 17 नवंबर 2026 को जारी नोटिस में इस फैसले की जानकारी दी है। विभाग के मुताबिक, भारतीय नागरिक 1 दिसंबर 2026 से MyVISA पोर्टल के माध्यम से वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे।

31 दिसंबर तक मिलेगी वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा

अब तक भारतीय नागरिक पर्यटन, कारोबार, सामाजिक गतिविधियों और ट्रांजिट के उद्देश्य से मलेशिया में 30 दिनों तक बिना वीजा के रह सकते थे। इस सुविधा के तहत भारतीय यात्रियों को पहले से वीजा लेने की जरूरत नहीं पड़ती थी।

हालांकि, यह सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक ही उपलब्ध रहेगी। 1 जनवरी 2027 से मलेशिया में प्रवेश करने वाले भारतीय नागरिकों को यात्रा से पहले वैध वीजा प्राप्त करना होगा।

मलेशिया के आव्रजन विभाग ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय नए वीजा नियमों का ध्यान रखें और समय रहते आवेदन करें।

1 दिसंबर से शुरू होंगे वीजा आवेदन

मलेशिया सरकार के अनुसार, भारतीय नागरिक 1 दिसंबर 2026 से आधिकारिक MyVISA पोर्टल पर वीजा आवेदन जमा कर सकेंगे। नए नियम लागू होने के बाद बिना वैध वीजा के मलेशिया पहुंचने वाले भारतीय यात्रियों को प्रवेश में परेशानी हो सकती है।

वीजा के लिए आवेदन करने वाले यात्रियों को कुछ जरूरी शर्तें भी पूरी करनी होंगी।

पासपोर्ट की वैधता कम से कम 6 महीने होनी चाहिए।

मलेशिया में रहने के दौरान खर्च उठाने के लिए पर्याप्त आर्थिक साधनों का प्रमाण होना चाहिए।

यात्रा से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध रखने होंगे।

यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी खर्चों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस लेने की सलाह दी गई है।

वीजा फीस वापस नहीं मिलेगी, जानें नया नियम

मलेशिया ने वीजा आवेदन से जुड़े रिफंड नियमों में भी बदलाव किया है। नए प्रावधानों के मुताबिक, वीजा आवेदन की फीस नॉन-रिफंडेबल होगी। यानी आवेदन स्वीकार हो या खारिज, आवेदक को जमा की गई फीस वापस नहीं मिलेगी।

इसके अलावा, अगर किसी यात्री की यात्रा योजना बदल जाती है या वीजा नीति में बदलाव होता है, तब भी आवेदन शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।

इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वीजा आवेदन करने से पहले अपनी यात्रा की तारीख और सभी जरूरी जानकारियां अच्छी तरह जांच लें।

7 कार्य दिवस में पेंडिंग आवेदन हो जाएगा एक्सपायर

मलेशिया के नए वीजा नियमों में पेंडिंग आवेदनों को लेकर भी प्रावधान किया गया है।

अगर वीजा आवेदन ‘New Application’ या ‘Pending Payment’ स्टेटस में 7 कार्य दिवसों से अधिक समय तक रहता है, तो वह अपने आप एक्सपायर हो जाएगा।

आवेदन एक्सपायर होने के बाद यात्री को नए वीजा फॉर्म के जरिए दोबारा आवेदन करना होगा।

नए आवेदन के लिए अपडेटेड फॉर्म का इस्तेमाल करना जरूरी होगा।

वीजा आवेदन की फीस वापस नहीं की जाएगी।

इसलिए आवेदन करने वाले यात्रियों को समय पर जरूरी दस्तावेज जमा करने और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

भारतीयों के लिए क्यों बदले गए मलेशिया के वीजा नियम?

मलेशिया का यह फैसला भारतीय उच्चायोग की ओर से जारी की गई एडवाइजरी के करीब दो महीने बाद आया है।

दरअसल, कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग ने सितंबर 2026 में भारतीय नागरिकों को चेतावनी दी थी कि वे 30 दिनों की वीजा-फ्री एंट्री सुविधा का इस्तेमाल नौकरी तलाशने के लिए न करें।

उच्चायोग के मुताबिक, कुछ एजेंट भारतीय नागरिकों को मलेशिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पर्यटक के रूप में वहां भेज रहे थे। वैध वर्क परमिट के बिना काम करना वहां के इमिग्रेशन नियमों का उल्लंघन है। इससे भारतीय नागरिकों को ओवरस्टे, हिरासत और कानूनी कार्रवाई जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

मल्टीपल एंट्री वीजा के नियम भी बदले

मलेशिया ने 1 सितंबर 2026 से 31 देशों के नागरिकों के लिए मल्टीपल एंट्री वीजा (MEV) की सुविधा भी सीमित कर दी है।

अब यह सुविधा मुख्य रूप से बिजनेस, मेडिकल ट्रीटमेंट, वेडिंग टूरिज्म और फ्लाई-एंड-क्रूज जैसी विशेष यात्रा श्रेणियों के लिए दी जा रही है।

ऐसे में भारतीय यात्रियों को मलेशिया की यात्रा से पहले नए नियमों की जानकारी लेना जरूरी होगा।