रायपुर 23 नवंबर 2026 : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व सांसद और वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता दिखाई है। पैर में चोट लगने के कारण चलने-फिरने में परेशानी का सामना कर रहे नंदकुमार साय को मुख्यमंत्री अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर पहुंचे। उनके बेहतर उपचार के लिए राजधानी के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।
दो दिन पहले फिसलकर गिरने से पैर में लगी चोट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि नंदकुमार साय दो दिन पहले फिसलकर गिर गए थे। इस हादसे में उनके पैर में चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी। चोट को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की जरूरत महसूस हुई।
जशपुर प्रवास के दौरान CM साय ने घर पहुंचकर जाना हाल
मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर प्रवास के दौरान वे एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद रात में उन्होंने नंदकुमार साय के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उनकी चोट और उपचार को लेकर भी चर्चा हुई।
हेलीकॉप्टर से रायपुर लाए गए नंदकुमार साय
सीएम विष्णुदेव साय ने बताया कि उन्हें अगले दिन रायपुर आना था। नंदकुमार साय की चोट और चलने-फिरने में हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने उन्हें भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया। इससे उन्हें लंबी यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा से बचाया जा सके और जल्द बेहतर उपचार मिल सके।
बालाजी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था
मुख्यमंत्री के अनुसार, पूर्व सांसद नंदकुमार साय के बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है। उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री की इस पहल को वरिष्ठ आदिवासी नेता के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग के रूप में देखा जा रहा है।
