रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में बुधवार का दिन राजनीतिक गतिविधियों से भरा हुआ रहेगा। पार्टी के संगठन को मजबूती देने और आगामी निर्णयों को अंतिम रूप देने के लिए दिनभर विभिन्न स्तरों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इस सिलसिले में भाजपा के सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन विशेष रूप से दिल्ली से रायपुर पहुंचे हैं।
बैठकों का शेड्यूल तय, कई अहम फैसलों की संभावना
जानकारी के अनुसार, बैठकों का सिलसिला भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुबह से शुरू होगा। सबसे पहले प्रदेश महामंत्रियों की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। पार्टी के सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक भी इसी क्रम में होगी।
महानगरों के महापौर, नगर निगमों के सभापति, नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों और जिला पंचायतों के अध्यक्षों की अलग से बैठक ली जाएगी। इन बैठकों में संगठनात्मक समीक्षा के साथ ही आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तय की जाएगी।
नई नियुक्तियों और कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों के बाद प्रदेश में निगम-मंडल एवं आयोगों में नई नियुक्तियों की घोषणा संभव है। इसके साथ ही कैबिनेट विस्तार और संसदीय सचिवों की सूची भी जल्द सामने आ सकती है। इससे संकेत मिलते हैं कि संगठन के साथ-साथ सरकार के ढांचे में भी अहम फेरबदल की तैयारी चल रही है।
इन बैठकों को आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारी और संगठनात्मक संतुलन बनाने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।