संजू पैकरा/बलौदाबाजार 9 अप्रैल
ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई: शराब दुकान कर्मचारी बर्खास्त, ब्लैकलिस्ट में शामिल
जिले में निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर शराब बेचने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त कर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मीडिया में वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला आबकारी अधिकारी को जांच के निर्देश दिए थे। जांच प्रभारी अधिकारी, वृत्त सिमगा द्वारा की गई, जिसमें दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच में पाया गया कि विक्रयकर्ता एक ही व्यक्ति को बार-बार शराब दे रहा था और 30 मार्च 2026 को छद्म ग्राहक के माध्यम से की गई खरीद में भी निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली गई।
इस पर आबकारी अधिनियम की धारा 39 (ग) के तहत प्रकरण दर्ज कर संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया और काली सूची में शामिल किया गया।
आंकड़ों पर नजर:
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए—
745 आपराधिक प्रकरण दर्ज
6049.29 बल्क लीटर शराब जब्त
42,330 किलोग्राम लाहन बरामद
18 वाहन जब्त
685 आरोपियों की गिरफ्तारी
इसके अलावा, अनियमितताओं के चलते 15 कर्मचारियों को भी सेवा से हटाकर ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है।
प्रशासन का संदेश:
जिले में शराब बिक्री को लेकर नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
