राजस्थान की हार के बाद भावुक हुए सूर्यवंशी, मैदान पर छलके आंसू

नई दिल्ली.30 मई 2026 :  आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से शिकस्त देकर फाइनल में जगह पक्की की. गुजरात की टक्कर खिताबी मुकाबले में 31 मई को डिफेंडिंग चैंपियंस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी. जैसे ही बृजेश शर्मा की गेंद पर राहुल तेवतिया ने छक्का लगाया तो मैदान पर एक ऐसा मंजर दिखा जिसने करोड़ों क्रिकेट फैंस का दिल तोड़ दिया. राजस्थान रॉयल्स का फाइनल में पहुंचने का सपना टूटने के साथ ही टीम के 15 साल के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए. पूरे सीजन में राजस्थान की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे इस स्टार खिलाड़ी का झुका हुआ चेहरा और भीगी पलकें यह बयां कर रही थीं कि इस हार का दर्द उनके लिए कितना गहरा था. अपनी जादुई बल्लेबाजी से धुरंधर से धुरंधर गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाला यह विस्फोटक बल्लेबाज डगआउट में मायूस होकर अकेला बैठा नजर आया.

इस मुकाबले में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए एक और अद्भुत व्यक्तिगत पारी खेली थी, लेकिन 47 गेंदों में बनाए 96 राजस्थान को फाइनल का टिकट दिलाने के लिए काफी नहीं थे. राजस्थान की हार और फाइनल में न पहुंच पाने से दुखी तो उनका पूरा खेमा था, लेकिन वैभव के चेहरे पर अलग सी उदासी छा गई थी. वह स्टेडियम के डगआउट में बिल्कुल खामोश बैठ गए और कई बार कैमरे में उन्हें अपने आंसू पोंछते कैद किया गया