रायपुर 30 मई 2026 : रायपुर जिला न्यायालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पेशी पर आए दो भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस चौकी के सामने ही एक भाई ने दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाई किसी मामले में कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनके बीच पुराना विवाद फिर से उभर आया और कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोपी भाई ने अचानक हमला कर दिया, जिससे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई। कोर्ट परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। पुलिस हमले के पीछे पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच कर रही है।
