फोनपे वॉलेट यूजर्स के लिए नया नियम लाने की तैयारी में, निष्क्रिय खातों पर लग सकता है चार्ज

22 जून 2026 : फोनपे अपने वॉलेट यूजर्स के लिए नया नियम लाने की तैयारी कर रहा है. कंपनी के मुताबिक अगर कोई फोनपे वॉलेट लगातार 365 दिनों यानी पूरे एक साल तक इस्तेमाल नहीं होता, तो उसे इनएक्टिव या डॉर्मेंट वॉलेट माना जाएगा. ऐसे वॉलेट पर हर तीन महीने में 100 रुपये की मेंटेनेंस फीस लग सकती है. इस खबर के सामने आने के बाद कई यूजर्स के बीच चर्चा तेज हो गई है.फोनपे के इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और Reddit पर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. कई यूजर्स ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए बताया कि उन्हें कंपनी की तरफ से मैसेज मिल रहे हैं. इन मैसेज में वॉलेट इस्तेमाल करने या बैलेंस जोड़ने की सलाह दी जा रही है. यूजर्स का कहना है कि हर तीन महीने में चार्ज लेना उन्हें अतिरिक्त बोझ जैसा लग रहा है.

कंपनी के नियमों के अनुसार इनएक्टिव वॉलेट पर चार्ज लगाने से पहले यूजर्स को कई बार नोटिस भेजा जाएगा. इसके लिए करीब 15 दिन का समय भी दिया जाएगा. अगर इसके बाद भी वॉलेट इस्तेमाल नहीं किया जाता है, तो फीस सीधे वॉलेट बैलेंस से काट ली जाएगी. अगर बैलेंस 100 रुपये से कम है, तो जितनी रकम होगी उतनी पूरी कट जाएगी और बैलेंस शून्य हो जाएगा

फोनपे पहली कंपनी नहीं है जिसने इनएक्टिव वॉलेट पर चार्ज लगाने की बात कही है. इससे पहले Mobikwik भी अपने कुछ यूजर्स से वॉलेट मेंटेनेंस फीस लेने का नियम लागू कर चुका है. Airtel Payments Bank की चार्ज लिस्ट में भी ऐसे शुल्क शामिल हैं. इससे पता चलता है कि डिजिटल वॉलेट कंपनियां अब लंबे समय से इस्तेमाल न होने वाले अकाउंट्स पर एकस्ट्रा फीस लगाने की तैयारी कर रही है.

भारत में UPI पेमेंट तेजी से बढ़ा है. आज ज्यादातर लोग सीधे बैंक खाते से भुगतान करना पसंद करते हैं. इसी वजह से डिजिटल वॉलेट का इस्तेमाल पहले के मुकाबले कम हुआ है. कई यूजर्स के वॉलेट में थोड़ी रकम लंबे समय तक पड़ी रहती है. कंपनियों का कहना है कि ऐसे वॉलेट्स को चालू रखने के लिए तकनीकी और सुरक्षा खर्च लगातार करना पड़ता है, इसलिए यह फीस ली जाती है.

अगर आपके पास फोनपे वॉलेट है तो समय-समय पर उसे चेक करते रहें. सालभर तक वॉलेट बिल्कुल इस्तेमाल नहीं करने पर यह नियम लागू हो सकता है. आप छोटा ट्रांजैक्शन करके या वॉलेट का उपयोग करके उसे एक्टिव रख सकते हैं. साथ ही फोनपे की नई शर्तों और नोटिफिकेशन पर भी नजर रखें, ताकि बाद में किसी तरह का एकस्ट्रा चार्ज लगने पर परेशानी न हो.

फोनपे ने अपनी पॉलिसी में बदलाव करने का अधिकार भी अपने पास रखा है. यानी आने वाले समय में फीस, नियम या दूसरी सेवाओं से जुड़े चार्ज बदल सकते हैं. ऐसे में डिजिटल पेमेंट ऐप इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए जरूरी है कि वे समय-समय पर कंपनी की नई अपडेट पढ़ते रहें. इससे किसी नए नियम या चार्ज के बारे में पहले से जानकारी मिल जाएगी और अनचाहे शुल्क से बचा जा सकेगा.