स्पोर्ट्स 11 जुलाई 2026 : फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का फैसला स्पेन और बेल्जियम की टीम के बीच में लॉस एंजिल्स स्टेडियम में हुए मुकाबले के परिणाम के साथ तय हो गया। स्पेन ने मुकाबले में 2-1 से जीत हासिल करने के साथ अपने सफर को सेमीफाइनल में पहुंचा लिया है जहां अब उनकी भिड़ंत फ्रांस की टीम से होगी। स्पेन के लिए बेल्जियम के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला बिल्कुल भी आसान नहीं था, जिसमें उनकी तरफ से खेल के आखिरी समय में मिकेल मेरिनो के किए गोल ने जीत को तय किया। इस मुकाबले में पहले हाफ का खेल खत्म होने पर दोनों टीमों का स्कोर 1-1 से बराबरी पर था, लेकिन 88वें मिनट में जब स्पेन के मेरिनो ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई तो ये गोल निर्णायक साबित हुआ।
पहले हाफ में दोनों टीमों ने दिखाया आक्रामक खेल
स्पेन और बेल्जियम के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई थी, जिसमें पहले हाफ में दोनों की तरफ से आक्रामक खेल देखने को मिला। स्पेन के फाबियन रूइज ने खेल के 30वें मिनट में शानदार गोल करने के साथ अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद बेल्जियम के प्लेयर्स पर दबाव साफतौर पर देखने को मिला क्योंकि स्पेन के खिलाफ अब तक टूर्नामेंट में कोई टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी थी। लेकिन बेल्जियम के चार्ल्स डी केटेलारे ने 41वें मिनट में शानदार हेडर के जरिए गोल करते हुए मुकाबला 1-1 से बराबरी पर ला दिया। इसी के साथ स्पेन के गोलकीपर सिमोन 560 मिनट तक गोल नहीं खाने का रिकॉर्ड का भी अंत हो गया।
88वें मिनट में मेरिनो के गोल ने स्पेन को दिलाई सेमीफाइनल की टिकट
पहले हाफ का खेल 1-1 से बराबरी पर खत्म होने के बाद दूसरे हाफ में 87वें मिनट तक जब कोई गोल नहीं हुआ तो सभी को लगा कि ये मैच पेनल्टी शूट आउट में जाएगा। लेकिन स्पेन के मिकेल मेरिनो ने 88वें मिनट में गोल पोस्ट के पास पहुंचने के साथ जोरदार शॉट लगाते हुए गोल करने के साथ स्पेन की सेमीफाइनल की टिकट को पक्का कर दिया। मुकाबला खत्म होने पर स्पेन ने 2-1 की अपनी बढ़त को बरकरार रखा। अब स्पेन का सामना सेमीफाइनल में पिछली बार विश्व कप की उपविजेता रहने वाली फ्रांस की टीम से भारतीय समयानुसार 15 जुलाई की देर रात 12:30 होगा।
