रायपुर 11 जुलाई 2026 : छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 24 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश के तहत एक आईजी रेंज, कई डीआईजी, एआईजी और 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की नई पदस्थापना की गई है। इस प्रशासनिक बदलाव को राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सबसे अहम नियुक्ति में आईपीएस अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बनाया गया है। वहीं, अब तक इस पद पर कार्यरत बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा प्रशांत कुमार अग्रवाल को छत्तीसगढ़ शस्त्र बल, बस्तर क्षेत्र से पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
