11 जुलाई 2026 : टीवी सीरियल ‘पंड्या स्टोर’ से घर-घर में मशहूर हुए अभिनेता रोहित चंदेल को लेकर एक बेहद ही चौंकाने वाली खबर सामने आई है. मुंबई पुलिस ने एक्टर को एक 16 साल की नाबालिग लड़की का पीछा करने और उसे परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने रोहित के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामल दर्ज किया है. इस खबर के सामने आते ही टीवी इंडस्ट्री और रोहित के फैंस पूरी तरह से हैरान हैं.
इस मामले की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित लड़की के परिवार ने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में रोहित चंदेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया. रोहित पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण यानी पोक्सो कानून की धारा 12 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रोहित चंदेल और इस 16 साल की नाबालिग लड़की की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई और वे दोस्त बन गए. लेकिन शिकायत के अनुसार, बाद में रोहित लड़की का पीछा करने लगे और उसे परेशान करने लगे. जब लड़की ने इस बात का विरोध किया और उनसे दूरी बनानी चाही, तो मामला और बिगड़ गया, जिसके बाद परिवार को पुलिस की मदद लेनी पड़ी.
गिरफ्तारी के बाद ओशिवारा पुलिस ने रोहित चंदेल को मुंबई की एक स्थानीय अदालत में पेश किया. पुलिस ने अदालत से रोहित की कस्टडी की मांग की ताकि उनसे इस मामले में आगे पूछताछ की जा सके. अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रोहित को 13 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब रोहित के फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच कर सकती है ताकि सच सामने आ सके.
टीवी का जाना-माना चेहरा हैं रोहित चंदेल
रोहित चंदेल छोटे पर्दे का एक बड़ा नाम हैं. उन्हें स्टार प्लस के बेहद लोकप्रिय शो ‘पंड्या स्टोर’ में धवल मकवाना के मुख्य किरदार से बड़ी पहचान मिली थी. इस शो में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. इसके अलावा उन्होंने ‘एस्केप लाइव’ जैसी मशहूर वेब सीरीज में भी काम किया है. इतने बड़े अभिनेता का नाम इस तरह के गंभीर मामले में आने से उनके करियर पर भी बड़ा संकट मंडराने लगा है. हालांकि एक्टर या उनकी टीम की तरफ से अभी इस मामले पर कोई ऑफिशियल रिएक्शन सामने नहीं आया है.
