फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के विजेताओं की घोषणा, तस्वीरों ने जीता दिल, गोकुल सोनी बने फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के स्टार

फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के विजेताओं की घोषणा,
तस्वीरों ने जीता दिल, गोकुल सोनी बने फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के स्टार

छायाचित्रों में जनसरोकार, प्रकृति और परंपरा फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के विजेता घोषित

‘दृश्य संवाद 2026’ में छायाकारों का हुनर चमका, विजेताओं की तस्वीरों ने बटोरी वाहवाही

रायपुर 26 अगस्त 2026 :  रायपुर प्रेस क्लब द्वारा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट दृश्य संवाद2026 के समापन के बाद बुधवार को विभिन्न प्रतियोगिता श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में फेस्ट का समापन हुआ था। प्रतियोगिता में फोटो जर्नलिस्टों की उत्कृष्ट तस्वीरों की प्रदर्शनी के साथ विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिता आयोजित की गई।


प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में वरिष्ठ पत्रकार एवं छत्तीसगढ़ राज्य हिंदी ग्रन्थ अकादमी के उपाध्यक्ष शशांक शर्मा, प्रसिद्ध वाइल्ड एवं नेचर फोटोग्राफर अभिनंदन तिवारी तथा फोटोग्राफी प्रशिक्षक भीष्म यादव शामिल रहे। निर्णायकों ने अपने-अपने ऑब्जर्वेशन के आधार पर तस्वीरों का मूल्यांकन किया और प्राप्त अंकों की कुल रैंकिंग के आधार पर विजेताओं का चयन किया।


समाचार एवं लोक सरोकार कैटेगरी में वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट गोकुल सोनी की टैंकर ब्लास्ट की तस्वीर ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर मनोज देवांगन, किशन लोखंडे और हेमंत गोस्वामी संयुक्त रूप से विजेता रहे। तृतीय स्थान हीरा मानिकपुरी और जय गोस्वामी को संयुक्त रूप से मिला।
प्रकृति एवं पर्यावरण कैटेगरी में भी गोकुल सोनी की बस्तर के वनों पर आधारित तस्वीर प्रथम रही। द्वितीय स्थान राजकुमार चतुर्वेदी की ‘भालुओं की अठखेलियां’ और मनोज देवांगन की सांप की भांबी तस्वीर को संयुक्त रूप से मिला। तृतीय स्थान प्रदीप डडसेना की फूल पर उड़ते किंगफिशर पक्षी की तस्वीर को मिला।


संस्कृति एवं परंपरा कैटेगरी में गोकुल सोनी की मुर्गा लड़ाई पर आधारित तस्वीर ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। द्वितीय पुरस्कार राजकुमार चतुर्वेदी की पोला पर्व में बैल दौड़ को दर्शाती तस्वीर को तथा तृतीय पुरस्कार संतोष तिवारी की कंधे पर दूल्हे को लेकर जाती बारात की तस्वीर को मिला।
फेस्ट में प्रेस क्लब के गैर-सदस्य शौकिया एवं प्रोफेशनल फोटोग्राफरों के लिए आयोजित ओपन कैटेगरी में भंवर लाल पुरोहित की प्रकृति और पक्षी को दर्शाती तस्वीर प्रथम रही। द्वितीय पुरस्कार नवीन देवांगन की बुजुर्ग व्यक्ति की तस्वीर को मिला। तृतीय पुरस्कार वेदांत मिश्रा ( वर्दियों में कुत्ता)और अथर्व (मुर्गा बाजार)को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।


इसके अलावा पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट दृश्य संवाद2026 के दौरान प्रदर्शित तस्वीरों में से दर्शकों एवं आगंतुकों के बीच विशेष रूप से चर्चित तस्वीरों के लिए सभी कैटेगरी को मिला कर प्रतिभागियों का चयन किया गया। जिसमें जिन फोटो जर्नलिस्ट की तस्वीर सब से ज्यादा चर्चित रही इसमें सुधीर सागर , रमन हलवाई , रूपेश यादव,दीपेंद्र सोनी ,, विनय घाटगे, भूपेश केसरवानी, दीपक पांडे ,पंकज सिंह ,, पिंटू देवांगन, विजय देवांगन, सागर पारिकर और राजेश सोनकर मनोज साहू शामिल हैं।
रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रेस क्लब ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य फोटो पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छायाकारों को मंच देना, उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना और तस्वीरों के माध्यम से समाज, प्रकृति, संस्कृति एवं जनसरोकारों को सामने लाना है। प्रेस क्लब महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू कोषाध्यक्ष दिनेश यदु संयुक्त सचिव निवेदिता एवं भूपेश जांगड़े सभी विजेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।