Asian Para Games 2026 : 23 अक्टूबर 2026 : जापान के नागोया शहर में भारत का एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी है. 5वें दिन, 23 अक्टूबर को भारतीय खिलाड़ी अब तक 6 गोल्ड समेत कुल 16 मेडल जीत चुके हैं. इस दमदार प्रदर्शन के साथ भरत ने मेडल की सेंचुरी लगा दी है. जिससे ये लगने लगा है कि भारतीय खिलाड़ी अब अपना मेडल जीतने का पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे. पिछले एशियन पैरा गेम्स में भारत ने कुल 111 पदक जीते थे, जिनमें 29 गोल्ड, 31 सिल्वर और 51 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे. इस एशियन पैरा गेम्स में भारत अब तक 104 मेडल (27 गोल्ड, 34 सिल्वर, 43 ब्रॉन्ज) जीत चुका है.
नीचे आज के दिन मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के बारे में जानकारी दी गई है.
निशानेबाज मोना अग्रवाल ने दूसरा गोल्ड जीता
निशानेबाज मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस एसएच1 मुकाबले में वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़कर गोल्ड मेडल जीत लिया है. मोना ने 357.5 स्कोर करके इन खेलों में दूसरा गोल्ड अपने नाम किया. इससे पहले वर्ल्ड रिकॉर्ड 356 का था जो स्वीडन की अन्ना बेंसन के नाम था. उन्होंने इस साल जुलाई में यह रिकॉर्ड बनाया था. चीन की झांग कुइपिंग ने 353.7 अंक लेकर सिल्वर और दक्षिण कोरिया की किम मियुंग ने 344.4 अंक के साथ ब्रॉन्ज जीता. मोना ने इससे पहले महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में खेलों के रिकॉर्ड के साथ 250 अंक लेकर गोल्ड जीता था जबकि लेखरा अवाली को सिल्वर मेडल मिला था.
पैरा बैडमिंटन में नवीन शिवकुमार ने जीता गोल्ड
नवीन शिवकुमार ने पुरुष एकल SL4 के फाइनल में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेटियावान को 36 मिनट में 21-9, 21-17 से हराकर गोल्ड मेडल जीता. नवीन ने पहले गेम में दबदबा बनाए रखा और दूसरे गेम में भी अपने प्रतिद्वंद्वी को पीछे छोड़ते हुए भारत के लिए एक और गोल्ड मेडल पक्का किया.
बैडमिंटन में नितेश ने जीता गोल्ड
नितेश कुमार ने हमवतन प्रमोद भगत को सीधे गेम में हराकर पुरूषों के सिंगल्स एसएल3 बैडमिंटन मुकाबले में गोल्ड मेडल जीता. नितेश ने 38 वर्ष के भगत को 21.18, 21.16 से हराया. जिसकी वजह से 2018 और 2022 में गोल्ड जीतने वाले प्रमोद को सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा.
बैडमिंटन में तुलसीमति को सिल्वर
तुलसीमति मुरूगेसन को महिला एसयू5 वर्ग में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. 24 वर्ष की तुलसीमति फाइनल में चीन की यांग कियूशिया से 18.21, 11.21 से हार गई. पेरिस पैरालम्पिक की रजत पदक विजेता तुलसीमति दो स्वर्ण पदकों की दौड़ में है. वह मिश्रित युगल में नितेश के साथ फाइनल खेलेंगी जबकि मानसी जोशी के साथ महिला युगल फाइनल में भी हैं.
हरविंदर और विजय ने रिकर्व पुरूष युगल तीरंदाजी में जीता गोल्ड
हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने पैरा रिकर्व पुरूष युगल फाइनल में चीन को 5.1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता. इससे पहले भारत की भावना चौधरी और पूजा जटिया की जोड़ी महिला पैरा रिकर्व युगल फाइनल में चीन की गाओ जिहान और वांग शूकियान से 0.6 से हार गई और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा.
प्रमोद को पुरूषों की 1500 मीटर में सिल्वर मेडल जीता
प्रमोद बिजारनिया ने पुरूषों की 1500 मीटर टी46 फाइनल में चार मिनट 09.65 सेकंड का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता. श्रीलंका के पुवाकपितिकांदे पी वाहुमपुरागे रिकॉर्ड चार मिनट 03.25 सेकंड का समय निकालकर शीर्ष पर रहे. फिलीपींस के किंग जेम्स रेयेस को कांस्य पदक मिला जिन्होंने चार मिनट 13.18 सेकंड का समय निकाला.
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय दल
इस महाद्वीपीय खेल में भारत ने 281 सदस्यों का दल भेजा है, जिसमें 168 एथलीट और 113 अधिकारी व सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं. खास बात ये है कि इन 168 भारतीय एथलीटों में 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं, जो 11 खेलों में हिस्सा लेंगी.
एशियन पैरा गेम्स 2022 में भारत का प्रदर्शन
चीन के हांगझोऊ में हुए पिछले एशियन पैरा गेम्स में भारत ने कुल 111 पदक जीते थे, जिनमें 29 गोल्ड, 31 सिल्वर और 51 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे. यह इस प्रतियोगिता में भारतीय दल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था, और भारत मेडल टैली में चीन, ईरान, जापान और कोरिया के बाद पांचवें स्थान पर रहा था.
