तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सांसद जवाहर सरकार के इस्तीफे से पार्टी में हलचल नजर आ रही है। खबरें हैं कि पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद सरकार से संपर्क साधा है और इस्तीफे पर विचार करने के लिए कहा है।
हालांकि, दोनों नेताओं के बीच बातचीत को लेकर टीएमसी ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। सांसद ने आरजी कर मामले पर राज्य सरकार के रवैये से नाराज होकर पद छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल सीएम बनर्जी ने जवाहर सरकार को कॉल किया था और फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा है कि सरकार 11 सितंबर को राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे और राज्यसभा सचिवालय में इस्तीफा सौंप देंगे। आरजी कर कॉलेज और अस्पताल के सेमीनार हॉल में 9 अगस्त को ट्रेनी डॉक्टर की लाश मिली थी, जिनकी बलात्कार के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
