योगेश यादव/बलौदाबाजार- संत गुरु घासीदास जी की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा कई स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। ये बोर्ड विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों जैसे पार्किंग स्थल, दर्शन मार्ग, यात्री विश्राम स्थल और प्रमुख चौराहों पर लगाए गए हैं।
सूचना बोर्ड पर मेले से जुड़ी जरूरी जानकारियां, मार्ग निर्देश, सुरक्षा संपर्क नंबर और यातायात व्यवस्था की जानकारी दी गई है। साथ ही खोया-पाया केंद्र, महिला सहायता केंद्र और प्राथमिक उपचार केंद्र के बारे में भी जानकारी दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने अपील की
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी समस्या की स्थिति में सूचना बोर्ड पर दिए गए हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सावधानी बरतने और अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गिरौदपुरी मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है, ऐसे में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। मेले में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और पैदल गश्त दलों की तैनाती की गई है।
श्रद्धालुओं ने सराहा कदम
श्रद्धालुओं ने सूचना बोर्ड लगाए जाने के कदम की सराहना की है। उनका कहना है कि इससे उन्हें मेले के दौरान सही दिशा निर्देश और मदद मिलने में आसानी हो रही है।
