योगेश यादव/ बलौदाबाजार- संत गुरु घासीदास बाबा की तपोभूमि गिरौदपुरी में आयोजित वार्षिक मेले को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सबसे ऊंचे जैतखाम पर लगे मधुमक्खी के छत्ते को हटाने के लिए रायपुर से विशेष टीम बुलाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, जैतखाम के ऊपरी हिस्से में मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लग गया था, जिससे श्रद्धालुओं के लिए खतरा बना हुआ था। मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।
रायपुर से पहुंची विशेषज्ञ टीम
रायपुर से आई विशेषज्ञ टीम ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ जैतखाम पर चढ़कर मधुमक्खी के छत्ते को हटाने का अभियान शुरू किया। टीम ने धुएं और आधुनिक उपकरणों की मदद से छत्ते को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से हटाया।
