बलौदाबाजार… कलेक्टर जनदर्शन से मिला दिव्यांग पुरुषोत्तम को राहत, पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपा,, जनदर्शन के माध्यम से लोगों की समस्या का हो रहा समाधान…

योगेश यादव/ बलौदाबाजार, 08 अगस्त 2025
राज्य शासन की मंशानुसार संचालित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के निराकरण का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। इसी कड़ी में बलौदाबाजार के कलेक्टर श्री दीपक सोनी द्वारा विगत मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में दिव्यांग पुरुषोत्तम सतनामी के पेंशन संबंधी आवेदन पर त्वरित कार्यवाही की गई।

पुरुषोत्तम, ग्राम बिनौरी के निवासी हैं और उन्होंने जनदर्शन में पहुंचकर दिव्यांग पेंशन स्वीकृति हेतु आवेदन किया था। कलेक्टर श्री सोनी ने तत्क्षण समाज कल्याण विभाग को निर्देश देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। विभाग द्वारा शीघ्र कार्रवाई करते हुए पुरुषोत्तम की पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की गई।

इस संबंध में शुक्रवार को कलेक्टर श्री सोनी ने स्वयं पेंशन स्वीकृति पत्र पुरुषोत्तम को सौंपा, और उन्हें जानकारी दी कि अगले माह से पेंशन की राशि उनके खाते में आना प्रारंभ हो जाएगी।

पेंशन मिलने की खबर से प्रसन्न पुरुषोत्तम ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे इस राशि से दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं खरीद सकेंगे, जिससे जीवनयापन में काफी सुविधा होगी।

कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि “जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनदर्शन के माध्यम से लोगों को सीधे राहत पहुंचाना हमारा उद्देश्य है।”

गौरतलब है कि संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में प्रत्येक मंगलवार को जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित होता है, जिसमें स्वयं कलेक्टर नागरिकों की समस्याएं सुनकर, विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हैं। इस पहल से प्रशासन के प्रति जनविश्वास और सहभागिता में वृद्धि हो रही है।