रक्षाबंधन पर कलेक्टर दीपक सोनी ने मनोविकास केंद्र में बच्चों के साथ बांटी खुशियां, पोषिता ने कलाई पर बांधी राखी

बलौदाबाजार, 08 अगस्त 2025 रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रेम, अपनत्व और स्नेह का अद्भुत दृश्य तब देखने को मिला जब कलेक्टर दीपक सोनी अपनी बेटियों के साथ मंडी परिसर स्थित मनोविकास केंद्र पहुंचे और वहां विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ त्योहार मनाया।

केंद्र की बालिका पोषिता वर्मा ने कलेक्टर श्री सोनी की कलाई पर राखी बांधी, जिस पर उन्होंने बच्ची को स्नेहपूर्वक उपहार भेंट किया। इस आत्मीय क्षण ने सभी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी।

इस अवसर पर बच्चों ने अपनी मेहनत और हुनर का परिचय देते हुए स्वनिर्मित गिफ्ट हैम्पर कलेक्टर को भेंट किया। इस हैम्पर में मिलेट से बनी कुकीज़ और आकर्षक मोमबत्तियाँ शामिल थीं, जिन्हें बच्चों ने व्यावसायिक प्रशिक्षण के तहत स्वयं तैयार किया था।

कलेक्टर श्री सोनी ने बच्चों की प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए कहा –
“यह पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में प्रेम, विश्वास और अपनापन बढ़ाने का भी माध्यम है। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ यह समय बिताना मेरे लिए अविस्मरणीय है।”

उन्होंने सभी बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मनोविकास केंद्र : विशेष बच्चों के लिए विशेष प्रयास

गौरतलब है कि बलौदाबाजार जिला प्रशासन द्वारा संचालित मनोविकास केंद्र में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा, उपचार और पुनर्वास की सुविधा दी जा रही है।
यहां उपलब्ध प्रमुख सेवाओं में शामिल हैं:

विशेष शिक्षा

फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी व बिहेवियर थेरेपी

व्यावसायिक प्रशिक्षण (सिलाई, कंप्यूटर, बागवानी)

मनोवैज्ञानिक परामर्श

खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ

आत्मनिर्भरता हेतु कौशल विकास कार्यक्रम