नई दिल्ली। ऐक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दर्ज एफआईआर को रद्द करने से इनकार कर दिया। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने कहा कि इस स्तर पर अदालत हस्तक्षेप नहीं करेगी।
जैकलीन ने वकील सुमीर सोढ़ी के माध्यम से दायर याचिका में दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें 3 जुलाई को उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी। हाईकोर्ट ने भी ईडी द्वारा दर्ज केस को रद्द करने से इनकार कर दिया था।
जैकलीन का पक्ष
अदालत में पेश होकर जैकलीन ने कहा कि उनका सुकेश चंद्रशेखर से कोई लेना-देना नहीं है और न ही उन्हें उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ ईडी की कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण है और वह निर्दोष हैं।
क्या है मामला?
दिल्ली पुलिस ने सुकेश चंद्रशेखर पर रैनबैक्सी के पूर्व प्रवर्तक शिविंदर सिंह और मालविंदर सिंह की पत्नियों से 200 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इसी मामले में जैकलीन फर्नांडीज को भी आरोपी बनाया गया है और उनसे ईडी पूछताछ कर चुकी है।
नेकदिली से चर्चा में
विवादों में घिरी रही जैकलीन हाल ही में अपनी नेकदिली को लेकर भी चर्चा में आईं। उन्होंने एक मासूम बच्चे की मदद की, जो दुर्लभ न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर से जूझ रहा है। मुंबई के समाजसेवी हुसैन मंसूरी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में जैकलीन बच्चे संग खेलती नजर आईं।
