योगेश यादव/रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर अहम फेरबदल करते हुए 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रजत बंसल को राज्य का नया जनसंपर्क आयुक्त नियुक्त किया है। इसके साथ ही वे संवाद (जनसंपर्क विभाग) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
बताया जा रहा है कि रजत बंसल वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के प्रबंध संचालक (एमडी) के साथ-साथ मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उनका यह दायित्व यथावत रहेगा। यानी वे माइनिंग विभाग की जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में संभालते रहेंगे।
गौरतलब है कि माइनिंग विभाग और जनसंपर्क विभाग दोनों ही मुख्यमंत्री के अधीन आते हैं, ऐसे में इन दोनों महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की कमान अब रजत बंसल के पास रहेगी।
इधर, आईएएस अधिकारी रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद उन्हें बुधवार शाम ही नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रिलीव कर दिया गया।
