चूलमाटी कार्यक्रम में चाकूबाजी: 6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

संजू पैकरा /बलौदाबाजार 27 मार्च 2026

कसडोल में चूलमाटी कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी, आरोपी 6 घंटे में गिरफ्तार

बलौदाबाजार। थाना कसडोल क्षेत्र के ग्राम चकरवाय में चूलमाटी कार्यक्रम के दौरान चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना में दो युवक घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राकेश मारकंडे ने 25 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 10:45 बजे ग्राम चकरवाय में आयोजित चूलमाटी कार्यक्रम में डीजे पर नाच रहे आरोपी सचिन चेलक ने उसके पास आकर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए यश कुमार चेलक पर भी आरोपी ने चाकू से जानलेवा वार किया, जिससे दोनों को चोटें आईं।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कार्यक्रम के दौरान रौब झाड़ने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी सचिन चेलक (23 वर्ष), निवासी ग्राम चकरवाय को 26 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।