कांकेर जिला से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। निखिल राखेचा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एसपी निखिल राखेचा के अनुसार, हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।
इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है।
