वन संपदा की सुरक्षा में बड़ी सफलता, सागौन लट्ठों के साथ वाहन जब्त

संजू पैकरा/बलौदा बाजार 10 अप्रैल

अवैध सागौन परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वाहन सहित लकड़ी जब्त

बलौदाबाजार, 10 अप्रैल 2026/ वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर के निर्देशानुसार अर्जुनी वन परिक्षेत्र में वन विभाग द्वारा अवैध सागौन लकड़ी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने एक महिंद्रा जीतो प्लस वाहन को सागौन के लट्ठों के साथ जब्त किया है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग को पहले से मिली गुप्त सूचना और सतर्क निगरानी के आधार पर टीम को अलर्ट रखा गया था। इसी क्रम में 8 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे बंगलापाली के पास दबिश देकर आरोपियों को लकड़ी सहित रंगे हाथों पकड़ा गया।

इस कार्रवाई में गंगाराम सागर (महकम), शिवप्रसाद केवट (सोनाखान), अंजोर साहू (मानाकोनी), कैलाश यादव (सोनाखान) और भुनेश्वर पटेल (महकम) को गिरफ्तार किया गया। जब्त लकड़ी और वाहन को विधिवत अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग ने बताया कि लगातार गश्त और निगरानी के जरिए इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण किया जा रहा है। यह कार्रवाई वन संपदा की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे अवैध कटाई और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।