संजू पैकरा /बलौदाबाजार 11 अप्रैल
ग्राम कटगी में जानलेवा हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार—एक पर ₹10 हजार का इनाम घोषित

बलौदाबाजार-भाटापारा। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम कटगी में शिकायत की बात को लेकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिस पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी श्याम सुंदर देवांगन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे वह घर लौट रहा था। इसी दौरान न्यू ढाबा के पास पहुंचने पर ढाबा संचालक भागवत थवाईत, उसके पिता संतोष थवाईत व अन्य आरोपियों ने “हमारे खिलाफ शिकायत करते हो” कहकर उसे घेर लिया। आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी, डंडे, लोहे की रॉड व तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों द्वारा आरोपियों के खिलाफ उग्र प्रतिक्रिया की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कसडोल, गिधौरी, लवन सहित आसपास थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष थवाईत (55 वर्ष), राजेश थवाईत (42 वर्ष), संजू थवाईत (22 वर्ष) निवासी ग्राम कटगी तथा शंकर दुबे (45 वर्ष) निवासी बिलासपुर शामिल हैं।
वहीं मुख्य आरोपी भागवत थवाईत फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹10,000 के इनाम की घोषणा की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
