सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट हादसे में एक और घायल मजदूर ने दम तोड़ दिया है। मध्यप्रदेश निवासी किस्मत अली, जो रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके साथ ही इस भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
बताया जा रहा है कि हादसे में कुल 36 मजदूर झुलसे थे, जिनमें से 15 घायलों का इलाज अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए डभरा थाने में वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत प्रबंधन के 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
वहीं, हादसे के 24 घंटे बाद औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
जांच में खुलासा हुआ है कि उत्पादन दोगुना करने की जल्दबाजी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। बॉयलर में तकनीकी चेतावनी मिलने के बावजूद काम नहीं रोका गया। इसके अलावा मशीनों के रखरखाव और संचालन में भी भारी लापरवाही बरती गई।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
