दुर्ग-भिलाई 23 अप्रैल 2026 : सोशल मीडिया पर पीली फाइल के साथ वीडियो जारी करने वाले बीजेपी नेता जय प्रकाश यादव को अब राजनांदगांव पुलिस ने फरार घोषित कर दिया है और उस पर 5 हजार रुपए का इनाम रखा है।

जय प्रकाश यादव वही नेता है, जिन्होंने मार्च में एक वीडियो जारी कर वैशाली नगर के भाजपा विधायक रिकेश सेन को जान से मारने की साजिश का दावा किया था। हालांकि, इससे पहले जय प्रकाश यादव के खिलाफ राजनांदगांव और दुर्ग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले दर्ज हो चुके थे। जय प्रकाश यादव मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल के राष्ट्रीय युवा मोर्चा के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। वह पहले पार्षद भी रह चुके हैं और वैशाली नगर विधानसभा से बीजेपी के खिलाफ बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था।
जय प्रकाश यादव के खिलाफ राजनांदगांव और दुर्ग जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले दर्ज हैं। आरोप है कि राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में 5 लोगों से 11 लाख रुपए और दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र में 6 लोगों से 16 लाख रुपए की ठगी की गई।
फिलहाल राजनांदगांव पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने उन्हें पकड़ने या सही जानकारी देने वाले को 5 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है और इसका पोस्टर भी सोशल मीडिया पर जारी किया है। 22 अप्रैल को जय प्रकाश यादव को फरार घोषित किया गया। उसके खिलाफ डोंगरगढ़ थाना में मामला दर्ज है। यह केस 24 फरवरी को दर्ज हुआ था, जिसमें उस पर 5 लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने और वापस न करने का आरोप है।
