नई दिल्ली 30 अप्रैल 2026 : बंगाल के बाद अब मिशन पंजाब में गृह मंत्री अमित शाह जुटने वाले हैं. मई से हर महीने पंजाब दौरे पर रहेंगे. गौरतलब है कि 2027 के फरवरी में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं.पश्चिम बंगाल में पचास से अधिक रैलियां और रोड शो, करीब पंद्रह दिनों के प्रवास के बाद दिल्ली आते ही गृह मंत्री अमित शाह ने अब मिशन पंजाब की तैयारी शुरू कर दी है. वे अब अगले साल फरवरी में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव तक हर महीने राज्य का दौरा करेंगे.
सूत्रों के अनुसार पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही गृह मंत्री अमित शाह ने अब पंजाब पर पूरा ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है. पंजाब में अगले साल फरवरी में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के साथ विधानसभा चुनाव होने हैं. बाकी चार राज्यों में बीजेपी की सरकारें हैं लेकिन पंजाब में बीजेपी अपनी जमीन मजबूत करने के रास्ते तलाश रही है. यही कारण है कि बीजेपी के चाणक्य शाह ने अब पंजाब पर फोकस करने का फैसला किया है.सूत्रों के अनुसार अमित शाह का मिशन पंजाब मई महीने से शुरू हो जाएगा. वे मई में राज्य का दौरा करेंगे. इस दौरान ड्रग्स के खिलाफ राज्य भर में बीजेपी की यात्राओं की शुरुआत भी की जाएगी. ड्रग्स को एक बड़ा मुद्दा बनाते हुए बीजेपी ने राज्य भर में इसके खिलाफ जनजागरुकता अभियान चलाने का फैसला किया है. एक बीजेपी नेता के अनुसार बीजेपी पंजाब के साथ पूरे देश में ड्रग्स के खिलाफ युद्ध छेड़ रही है और इसकी शुरुआत पंजाब से ही की जाएगी.
