मुंबई 19 जून 2026 : जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के बोर्ड ने अपने प्रस्तावित IPO के ड्राफ्ट को मंजूरी दे दी है। 19 जून को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की ओर से जानकारी दी गई कि इसके तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ तक नए शेयर जारी करने की योजना है। RIL के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि कंपनी शुक्रवार, 19 जून को ही मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा करेगी।
RIL ने इस बारे में एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि कंपनी की अहम सब्सिडियरी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने आज, यानि 19 जून 2026 को सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI), BSE लिमिटेड और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड के पास जमा किए जाने वाले ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी इसके प्रस्तावित IPO के सिलसिले में दी गई है, जिसमें 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 27,00,00,000 तक नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इनका इश्यू प्राइस SEBI के नियमों के तहत बुक बिल्डिंग प्रोसेस से तय किया जाएगा।
