विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड बनी सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम

स्पोर्ट्स 25 जून 2026 :  मेजबान इंग्लैंड महिला T20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। इंग्लैंड ने 24 जून को लॉर्ड्स में खेले गए अपने ग्रुप चरण के दूसरे आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर यह उपलब्धि हासिल की।

इस जीत के साथ इंग्लैंड के 8 अंक हो गए हैं और टीम ने यह सुनिश्चित कर लिया है कि वह ग्रुप-2 में शीर्ष दो स्थानों पर रहेगी, चाहे बाकी मैचों के परिणाम कुछ भी हों।

ग्रुप-2 से दूसरे स्थान के लिए वेस्टइंडीज, मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच मुकाबला बना हुआ है।

इंग्लैंड से हारने के बावजूद वेस्टइंडीज की टीम अभी भी अपने भाग्य की खुद मालिक है। अगर वह अपने अंतिम ग्रुप मैच में आयरलैंड को हरा देती है तो सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।

वहीं, न्यूजीलैंड और श्रीलंका को अपनी अंतिम भिड़ंत जीतने के साथ-साथ यह उम्मीद भी करनी होगी कि वेस्टइंडीज अपनी आखिरी परीक्षा में चूक जाए।

दूसरी ओर, छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने चार मैचों में 8 अंक जुटाकर ग्रुप-1 से सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं, हालांकि टीम ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अंतिम-4 में जगह पक्की नहीं की है।

ग्रुप-1 में भारत, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश तीनों के 3 मैचों में 4-4 अंक हैं और तीनों टीमें अभी भी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं। हालांकि इन तीनों में दक्षिण अफ्रीका की संभावनाएं सबसे मजबूत मानी जा रही हैं।

इस बीच, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स महिला T20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने वाली पहली दो टीमें बन गई हैं। दोनों टीमों को 20 जून को टूर्नामेंट में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा था।

ग्रुप-2 से बाहर होने वाली पहली टीम आयरलैंड रही। पाकिस्तान और नीदरलैंड्स की तरह आयरलैंड भी अभी तक अपना खाता नहीं खोल सकी है। वहीं, टूर्नामेंट के पहले मैच में आयरलैंड को हराने वाली स्कॉटलैंड की टीम भी अब सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी है।